नैनीतालः शहर की ऐतिहासिक धार्मिक संस्था श्रीराम सेवक सभा की ओर से आयोजित 123वें नंदा देवी महोत्सव का भव्य शुभारंभ गुरुवार को धूमधाम के साथ हुआ।

सभा परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।

बाल कलाकारों ने गणेश वंदना और नंदा-सुनंदा स्तुति प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं यशपाल रावत द्वारा भेंट किए गए 21 पौधों की पूजा कर उन्हें कंदली वृक्ष लाने वाले स्थल पर रोपित करने का संकल्प लिया गया।

इसके बाद लाल और सफेद ध्वज निशान की पूजा के साथ श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और छोलिया नर्तकों की प्रस्तुतियों के बीच बाजार का भ्रमण किया। भक्ति धुनों पर छोलिया नृत्य ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

भ्रमण के उपरांत श्रद्धालुओं का दल कंदली वृक्ष लाने के लिए चोपड़ा ज्योलीकोट की ओर रवाना हुआ। शुक्रवार को शहर में कंदली वृक्ष के आगमन पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *