नैनीताल के ज्योलीकोट में जलजनित बीमारी का कहर: 16 वर्षीय किशोर और महिला की मौत, विधायक सरिता आर्या ने जताया गहरा दुख


​ज्योलीकोट / नैनीताल
नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ज्योलीकोट में जलजनित बीमारी की चपेट में आने से दो लोगों के असामयिक निधन का अत्यंत दुखद मामला सामने आया है। मृतकों में एक 16 वर्षीय किशोर तथा दो मासूम बच्चों की 26 वर्षीय मां शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और गमगीन माहौल बना हुआ है।


​स्थानीय विधायक सरिता आर्या ने इस घटना पर गहरा दुख और संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक होनहार बेटे और दो मासूम बच्चियों के सिर से मां का साया उठ जाने से मन बेहद व्यथित है। इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकसंतप्त परिवारों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
​अस्पताल जाकर लिया हालचाल, प्रशासन को दिए कड़े निर्देश


​घटना की सूचना मिलते ही विधायक सरिता आर्या ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर बीमार लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में फैल रही जलजनित बीमारी की रोकथाम और मरीजों के समुचित इलाज के लिए प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
​विधायक ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में जनता की स्वास्थ्य सुरक्षा और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए प्राथमिकता के आधार पर हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *