हल्द्वानी,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शनिवार को हल्द्वानी मिनी स्टेडियम से शहीद पार्क तक भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और मातृशक्ति ने तिरंगे के साथ पदयात्रा में भाग लिया।
यात्रा का उद्देश्य
यह यात्रा हाल ही में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सफलतापूर्वक चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक विजय को समर्पित रही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री का संबोधन
ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल अपने वीर सपूतों की बहादुरी का प्रदर्शन किया, बल्कि आतंकवाद और उसके समर्थकों को यह स्पष्ट संदेश भी दिया कि नया भारत अब हर आतंकी कार्रवाई का जवाब उसी की भाषा में देगा।
प्रधानमंत्री की सराहना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत किसी भी आतंकी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और अब देश की सीमाओं की रक्षा अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से की जा रही है।
युवाओं से आह्वान
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना और सुरक्षा बलों के अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें।
तिरंगा सम्मान यात्रा का महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा सम्मान यात्रा एक यात्रा नहीं है बल्कि यह भारतीय सेवा के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करने, उनको प्रोत्साहित करने का एक अवसर है। यह यात्रा इस बात का प्रतीक है कि आज भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गोली का जवाब गोली से देने के लिए सोचने में वक्त बर्बाद नहीं करता।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, दिवान सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, राम सिंह कैड़ा, मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज बिष्ट, जिला पंचायत की प्रशासक बेला तोलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा आदि मौजूद रहे।
