नैनीताल की लाइफलाइन ‘मॉल रोड’ का पुनर्निर्माण तेज, गुणवत्ता और समय सीमा पर प्रशासन का सख्त रुख

नैनीताल की लाइफलाइन ‘मॉल रोड’ का पुनर्निर्माण तेज, गुणवत्ता और समय सीमा पर प्रशासन का सख्त रुख

नैनीताल। विगत वर्ष क्षतिग्रस्त हुई सरोवर नगरी की प्रमुख जीवनरेखा ‘मॉल रोड’ के पुनर्निर्माण का कार्य जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। आमजन और पर्यटकों की सुगम आवाजाही के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण इस सड़क के पुनर्निर्माण में गुणवत्ता और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए विशेष तकनीकी प्रबंध किए गए हैं।


​जिलाधिकारी ने बताया कि कार्य को दीर्घकालिक और मजबूत बनाने के उद्देश्य से टीएचडीसी (THDC) द्वारा विशेष तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया था, जिसके आधार पर नया विशेषज्ञ डिजाइन तैयार किया गया है। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग (PWD) की देखरेख में निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूरा किया जा रहा है।
​एंकरिंग और ग्राउंडिंग का काम पूरा


परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत लगाए जाने वाले सभी 122 एंकरों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही ग्राउंडिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। वर्तमान में पाइलिंग का काम जारी है, जहां कुल 51 में से 36 पाइलिंग पूरी की जा चुकी हैं। पाइलिंग का चरण समाप्त होते ही स्लैब ढलाई का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
​”मॉल रोड नैनीताल की लाइफलाइन है। लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता, मजबूती और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूर्ण होना चाहिए, ताकि जनता को जल्द से जल्द सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *