15-16 अगस्त को कैंची धाम, भवाली और भीमताल जाने वाले ध्यान दें! नैनीताल पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लान
स्वतंत्रता दिवस और वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव; सुबह 6 से रात 8 बजे तक लागू रहेंगे नियम।
नैनीताल: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और रविवार (16 अगस्त) की छुट्टियों के कारण भीमताल, भवाली और प्रसिद्ध श्री कैंची धाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोनों दिन प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 20:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
प्रमुख यातायात एवं डायवर्जन नियम:
पार्किंग और शटल सेवा:
भीमताल मार्ग से आने वाले वाहन: निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में पार्क कराया जाएगा। यहाँ से कैंची धाम के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
गेठिया/नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन: निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा, जहाँ से कैंची धाम के लिए शटल सेवा मिलेगी।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध/डायवर्जन:
अल्मोड़ा/रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब एवं खैरना से वाया रामगढ़/मुक्तेश्वर डायवर्ट किया जाएगा।
आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य भारी वाहनों को समय-समय पर मस्जिद तिराहा (भवाली) के पास रोका जाएगा या रामगढ़/खुटानी मार्ग पर भेजा जाएगा।
टैक्सी एवं दोपहिया वाहन:
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया (Two-wheeler) वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
चार पहिया (फोर-व्हीलर) वाहनों का मार्ग:
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे।
पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से आ सकेंगे।
नैनीताल पुलिस की अपील: पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
