नैनीताल में देशभक्ति के उल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवसप्रभारी मंत्री खजान दास ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा

नैनीताल में देशभक्ति के उल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस
प्रभारी मंत्री खजान दास ने कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा, दिलाई ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ; स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित



नैनीताल (उत्तराखंड)। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस सरोवर नगरी नैनीताल में अत्यंत हर्षोल्लास, आनबाण और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिला प्रभारी मंत्री खजान दास ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।


​समारोह के दौरान भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री ने बच्चों के लिए ₹5,000 के नकद पुरस्कार की घोषणा की।


​अपने संबोधन में मंत्री खजान दास ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हुई है। उन्होंने गड्ढामुक्त सड़कों, महिला सुरक्षा और स्वच्छता की दिशा में किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह को “नशामुक्त भारत” की शपथ दिलाई।


​तिरंगा रैली, नाव रैली और पौधरोपण का आयोजन
समारोह के अंतर्गत तल्लीताल गांधी चौक पर महात्मा गांधी, आंबेडकर पार्क में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर तथा शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। तल्लीताल से डीएसए मैदान तक एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसके अलावा वन विभाग के सहयोग से ठंडी सड़क पर पौधरोपण किया गया तथा मल्लीताल बोट स्टैंड से नैनी झील में आकर्षक नाव रैली और नगर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।


​विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों में ध्वजारोहण
कमिश्नरी कार्यालय में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने, जबकि विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।


​इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *