हल्द्वानी: ₹230 करोड़ की सड़क व ड्रेनेज परियोजनाओं में देरी पर भड़के कुमाऊं आयुक्त, अधिकारियों को अल्टीमेटम

​हल्द्वानी,
कुमाऊं आयुक्त और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को हल्द्वानी शहर में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) द्वारा ₹230 करोड़ की लागत से चल रहे सड़क और ड्रेनेज सिस्टम निर्माण कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी गति और विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी पर गहरी नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर सीधे तौर पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।


​ पैदल मार्च कर लिया जमीनी हकीकत का जायजा
​आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को कैंप कार्यालय से मंगल पड़ाव तक पैदल चलकर UUSDA द्वारा किए जा रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने शनि बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का भी जायजा लिया। शहर में जगह-जगह खोदे गए गड्ढों और उससे आम जनता को हो रही भारी परेशानियों को देखते हुए उन्होंने UUSDA के अधिकारियों को एक ‘माइक्रो प्लान’ बनाकर युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।


​”विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क खोदने के बाद उसकी पुनर्स्थापना (Restoration) का कार्य समय पर पूरा हो और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए ताकि जनता को परेशानी न हो।”

दीपक रावत, कुमाऊं आयुक्त
​ बरेली रोड दुर्घटना पर एक्शन: बनेगा अंडरपास
​विगत दिनों बरेली रोड पर हुए सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है। दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर जल्द ही अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने NHAI के अधिकारियों को तुरंत दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइनेज (Signages) लगाने के निर्देश दिए।

जनता से अपील: ‘रॉन्ग साइड’ ड्राइविंग से बचें
​आयुक्त ने आम जनता से बेहद भावुक और सख्त अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय कभी भी गलत दिशा (Wrong Side) में न चलें। यह न केवल यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि जानलेवा हादसों को भी सीधा न्योता देता है।


इस दौरान एपी बाजपेयी (सिटी मजिस्ट्रेट)
​ परितोष वर्मा (नगर आयुक्त) मृदुला सिंह (परियोजना निदेशक, UUSDA)गुरप्रीत सिंह प्रोजेक्ट मैनेजर
​ मोनिका उपजिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह अधिशासी अभियंता, लोनिवि
​इसके साथ ही विद्युत, पेयजल और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *