

नैनीताल। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को ‘पद्म भूषण’ से अलंकृत किए जाने पर कुमाऊं विश्वविद्यालय (कुविवि) द्वारा रविवार को डीएसबी परिसर में एक भव्य अभिनंदन व सम्मान समारोह आयोजित किया गया।


इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वयं पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ छायाकार अनूप साह और नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल शामिल हुए। कार्यक्रम का कुशल संचालन दिव्या उपाध्याय जोशी द्वारा किया गया।
समारोह की मुख्य झलकियाँ:


जीवन वृत्त पर प्रकाश: कार्यक्रम के शुभारंभ में कुविवि के कुलपति प्रोफेसर दीवान सिंह रावत ने भगत सिंह कोश्यारी के प्रेरक जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मेधावियों का सम्मान: इस अवसर पर नैनीताल शहर के विभिन्न विद्यालयों के 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: संगीत विभाग के शिक्षक अलंकार महतोलिया और डॉ. रवि जोशी ने बेहतरीन एकल शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। वहीं, तिब्बती समुदाय के कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य पेश कर समां बांध दिया।
तिब्बती समुदाय ने जताया आभार

समारोह के दौरान तिब्बती नेताओं ने भारत द्वारा दी गई शरण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तिब्बत समुदाय हमेशा भारत का शुक्रगुजार रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्ण रूप से स्वतंत्र होने के बाद तिब्बत भारतीय नागरिकों का अपने देश में इसी तरह गर्व से सम्मान समारोह आयोजित करेगा।
डॉ. सरस्वती खेतवाल (पालिका अध्यक्ष): उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी जैसी महान विभूतियाँ पूरे देश और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अटूट स्रोत हैं।
अनूप साह (पद्मश्री सम्मानित): उन्होंने युवाओं को जीवन में मिलने वाले सही अवसरों को पहचानने और उन पर आगे बढ़ने की सीख दी। इस दौरान उन्होंने साझा किया कि उनकी फिल्म ‘किंग कोबरा’ को हिमाचल प्रदेश में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

2047 तक विकसित भारत का सपना: कोश्यारी
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का निर्माण केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही नहीं, बल्कि हर भारतीय का सपना है। 2047 में हमारा देश हर क्षेत्र में पूरी तरह सक्षम होगा।
उन्होंने कहा कि वे पलायन का विरोधी नहीं हैं । हमारे देश के जो भी युवा बाहर हैं, उन्हानें बहुत नाम कमाया है। विदेशों में भारत के लोग बड़े पदों पर वैज्ञानिक, डॉक्टर, प्रोफेसर हैं। यदि यही काम अपने देश में करे तो हमारा देश चार पांच गुना तेजी से आगे बढ़ेगा ।
उन्होंने कहा परिसर में सम्मानित मेधावियों में 80 फीसदी लड़कियां है और 20 फीसदी लड़के हैं। जिससे बेटियों की प्रतिभा पर गर्व होता है।
इस समारोह में दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, मोहन पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, राज्य महिला आयोग सदस्य विमला अधिकारी प्रो. नरेंद्र बिष्ट भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की ,अध्यक्ष अमिता साह जिला उपाध्यक्ष कविता गंगोला ,मंडल महामंत्री मीरा बिष्ट, रमा भट्ट, तुसी साह मीनू मंजू रौतेला जीवती भट्ट भाजपा के भिन्न कार्यकर्ता आदि।
