देहरादून। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से विधायक सरिता आर्या ने सचिवालय देहरादून में मुख्यमंत्री के सचिव शैलेश बगौली से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं को देखते हुए एक मांगपत्र सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से सड़क कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के मुद्दे शामिल रहे।

सड़क कनेक्टिविटी और सुधारीकरण पर जोर
विधायक सरिता आर्या ने जनपद नैनीताल के विकासखंड बेतालघाट में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं:
रोपा सौपाटी से कोटाधरिया तक नए मोटर मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।

राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-71) के अंतर्गत रामनगर-भंडारपानी-अमगढ़ी-बोहराकोट-तल्ली सेठी-बेतालघाट-रतौड़ा-भुजान-रिची-बिल्लेख मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण (Hot Mix) अतिशीघ्र किया जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

बेतालघाट क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से स्थानीय अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन को अतिशीघ्र स्थापित करने की मांग की गई। इस विषय पर सचिव मुख्यमंत्री के साथ बेहद सकारात्मक वार्ता हुई।
सचिव का आश्वासन: मुख्यमंत्री सचिव शैलेश बगौली ने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग (PWD) और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता की और दोनों विभागों को जनहित के इन कार्यों का शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए

भूस्खलन और आपदा प्रबंधन पर चर्चा
विधायक ने क्षेत्र में आपदा से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन और मुख्यमंत्री सचिव शैलेश बगौली से विस्तृत चर्चा की:
कृष्णापुर क्षेत्र (नैनीताल): यहां खतरा बन चुकी विशालकाय चट्टान के स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाएं।
सात नंबर क्षेत्र नैनीताल मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले हिस्से में हुए भूस्खलन क्षेत्र में सुरक्षा दीवार (Retaining Wall) का निर्माण और अन्य आपदा प्रबंधन कार्य तुरंत शुरू करने के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान उत्तराखंड महिला आयोग की नवनियुक्त सदस्य विमला अधिकारी भी उपस्थित रहीं।
