
पर्यावरण संरक्षण: ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस ने सूखाताल में किया वृक्षारोपण, नैनीताल को हरा-भरा बनाने का लिया संकल्प
नैनीताल। ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस नैनीताल की ओर से रविवार को सूखाताल क्षेत्र में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को हरा-भरा बनाना और स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण तथा पौधरोपण के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया विमेंस कॉन्फ्रेंस (नैनीताल) की मुन्नी तिवारी ने कहा, “केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें बचाना और उनकी देखभाल करना भी हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान देने वालीं नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने सूखाताल के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “सूखाताल नैनीताल की अमूल्य धरोहर है। इसे स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखना हम सभी नगरवासियों का कर्तव्य है।”
इस अवसर पर संस्था की उपाध्यक्ष दया बिष्ट, सचिव प्रीति शर्मा, उपसचिव गीता पांडे, सभासद मीनू बुधलाकोटी, नीमा पांडे, मृणाल और पूजा सिंह सहित कई गणमान्य महिलाओं व स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
