सरोवर नगरी: सेंट जॉन्स विद्यालय में मातृ शक्ति का सम्मान, खेलों और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया ‘मदर्स डे’
नैनीताल। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित सेंट जॉन्स विद्यालय में शनिवार को मातृ दिवस (मदर्स डे) की पूर्व संध्या पर एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में माताओं के प्रति सम्मान और प्रेम की अनूठी झलक देखने को मिली।
अभिनंदन और प्रतियोगिताओं का दौर
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन द्वारा माताओं के भव्य अभिनंदन के साथ किया गया। इस अवसर पर माताओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें म्यूजिकल चेयर, ब्लाइंड फोल्ड, स्पून रेस और लकी मॉम जैसी गतिविधियों ने उत्साह भर दिया। लकी ड्रा के माध्यम से ‘लकी मॉम’ का चयन किया गया और सभी विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से छोटे बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय द्वारा बनाया गया सेल्फी पॉइंट माताओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जहाँ उन्होंने इस दिन की यादों को कैमरों में कैद किया। इस दौरान ‘मदर्स डे’ के उपलक्ष्य में केक भी काटा गया।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बी.डी. पांडे अस्पताल के वरिष्ठ शल्य चिकित्सक डॉ. वी.के. मिश्रा, विशिष्ट अतिथि शिक्षा विभाग के समन्वयक श्री आलोक जोशी एवं कर्नल वीरेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए समाज में माँ के स्थान को सर्वोपरि बताया।
आभार और समापन
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या विनीता रावत ने सभी अतिथियों और माताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माँ निस्वार्थ प्रेम की प्रतिमूर्ति है और उनके सम्मान में किया गया हर प्रयास छोटा है। कार्यक्रम का समापन सभी माताओं को जलपान कराने के साथ हुआ।
इस अवसर कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य पूनम बिष्ट, ज्योति त्रिपाठी, अनीता बोरा, आशा जोशी, लता फर्त्याल, रूचि साह, विक्रम सिंह रावत, किरन मेर, पल्लवी जोशी, किरन रतूड़ी, रीमा पवार, लवी जोशी, तुलसी, पूनम, रेनू सहित विद्यालय के समस्त कार्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
