
युवा फिल्म प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने किए कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन; नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं को सराहा
नैनीताल: देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की 21 वर्षीय प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल एवं अपने परिजनों के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

दर्शन के उपरांत अनूप्रिया नागर ने कैंची धाम की आध्यात्मिक महिमा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए उत्तराखंड तथा नैनीताल पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी से की शिष्टाचार भेंट
धाम में दर्शन के पश्चात फिल्म प्रोड्यूसर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता, उसकी विषयवस्तु तथा भगवान हनुमान की भक्ति, संस्कार और बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की

।
पुलिस कप्तान ने किया सम्मानित
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इंडियाज यंगेस्ट प्रोड्यूसर के रूप में पहचान बना चुकीं अनूप्रिया नागर, उनके परिवारजनों एवं सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया।
इस दौरान SSP नैनीताल ने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने युवा प्रोड्यूसर को फिल्म की सफलता और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
