
हल्द्वानी-नैनीताल में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 100 से अधिक वाहनों के चालान, 5 सीज; रेंटल बाइक्स और खटारा बसों पर कसा शिकंजा

हल्द्वानी/नैनीताल
कुमाऊँ आयुक्त व मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के कड़े निर्देशों के बाद आज परिवहन विभाग ने सड़कों पर उतरकर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न टीमों ने मंगलवार को नैनीताल और हल्द्वानी के कई क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

खटारा और धुआं उगलती बसों पर कड़ा एक्शन
अभियान के तहत परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडेय और अनुभा आर्य ने संभागीय निरीक्षक (RI) विनोद गुंजियाल के साथ रामनगर-बाजपुर-कालाढूंगी मार्ग पर बसों का ऑन-रोड संयुक्त निरीक्षण किया।
मैकेनिकल जांच: आरआई द्वारा बसों की फिजिकल और मैकेनिकल कंडीशन को मौके पर परखा गया।

प्रदूषण पर कार्रवाई: अत्यधिक धुआं देने वाली बसों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की गई। विभाग ने कई वाहनों को प्रदूषण जांच केंद्रों पर रुकवाकर मौके पर ही उनका टेस्ट करवाया।
नैनीताल में अवैध रेंटल और टैक्सी बाइक्स पर ₹5,000 का जुर्माना
एक अन्य विशेष कार्रवाई में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार और जगदीश चंद्र के नेतृत्व में नैनीताल शहर में प्रवेश करने वाली रेंटल और टैक्सी बाइक्स के खिलाफ मोर्चा खोला गया।

परमिट उल्लंघन: जो व्यावसायिक या रेंटल बाइक्स नैनीताल शहर में प्रवेश के लिए अधिकृत (अनुमन्य) नहीं थीं, उन पर प्रति वाहन ₹5,000 का भारी जुर्माना लगाया गया।सख्त चेतावनी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि ये वाहन दोबारा शहर में अवैध रूप से संचालित होते पाए गए, तो इनके परमिट को सीधे निलंबित या निरस्त (Cancel) कर दिया जाएगा।
