​लेक सिटी वेलफ़ेयर क्लब ने किया ‘हरेला पखवाड़ा’ का भव्य आगाज़​आईजी, सीएमओ और विधायक ने किया उद्घाटन;

​लेक सिटी वेलफ़ेयर क्लब ने किया ‘हरेला पखवाड़ा’ का भव्य आगाज़
​आईजी, सीएमओ और विधायक ने किया उद्घाटन; महिलाओं ने लोक परंपरा के साथ किया पौध रोपण



नैनीताल। नगर की प्रमुख सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण संस्था ‘लेक सिटी वेलफ़ेयर क्लब’ द्वारा सोमवार को पारंपरिक विधि-विधान के साथ “हरेला पखवाड़ा” का भव्य शुभारंभ किया गया। होटल पवेलियन में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय बुद्धिजीवियों और संभ्रांत नागरिकों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि निवेदिता कुकरेती (आईजी, कुमाऊँ परिक्षेत्र), विशिष्ट अतिथि डॉ. रश्मि पंत (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) सरिता आर्या (स्थानीय विधायक) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई।


​इस अवसर पर क्लब की महिला सदस्यों ने लोक-परंपरा का निर्वहन करते हुए सात अनाजों और सूखी मिट्टी के मिश्रण के साथ हरित पौधों की रोपण (बोया) क्रिया संपन्न की। वक्ताओं ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों और प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान करते हुए समाज में हरियाली व जैव विविधता के प्रति जागरूकता फैलाना है।


​प्रकृति की रक्षा और परंपराओं का संवर्धन ज़रूरी: आईजी
​मुख्य अतिथि आईजी निवेदिता कुकरेती ने हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति की रक्षा करने और अपनी परंपराओं को जीवन में अपनाने की अपील की। वहीं सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा संस्कृति के संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। विधायक सरिता आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब पिछले 17 वर्षों से निरंतर हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ रहा है।


​पारंपरिक झोड़ों से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक, 19 को नृत्य प्रतियोगिता
​उद्घाटन सत्र के पश्चात क्लब की महिलाओं द्वारा पारंपरिक कुमाऊँनी झोड़ों की अत्यंत आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। “खोल दे माता खोल भवानी, धार में किवाड़ा” और “दैणा होया खोली का गणेशा” जैसे भव्य झोड़ों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया, जिससे पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
​कार्यक्रम संयोजक गीता साह ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रगति जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी पखवाड़े के अंतर्गत आगामी 19 जुलाई को एक भव्य कुमाऊँनी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
​ये रहे मौजूद:
इस दौरान क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव प्रगति जैन, विनीता पांडे, दीपा पांडे, रानी साह, आभा साह, तुषी साह, रमा लोहनी, दीपिका बिनवाल, प्रेमा अधिकारी, कंचन जोशी, संगीता गुप्ता, तनु सिंह, रेखा पंत, अमिता साह, मंजू बिष्ट, पुष्पा कांडपाल, सरस्वती सिराला, जूही अग्रवाल, मानसी गर्ग, मधुमिता, निवेदिता मेहरोत्रा, वंदना जोशी, भावना साह, विमलेश गोस्वामी, जया वर्मा, लीला राज, सीमा नौटियाल, जीवंटी भट्ट, ज्योति धोंडियाल, सोनू साह, हेमा भट्ट, वर्षा आर्या, पल्लवी गहतौड़ी एवं रेखा जोशी ,कविता गंगोला सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *