पर्यटन सीजन से पहले अलर्ट पर नैनीताल पुलिस; SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दिए शालीन व्यवहार और समयबद्ध विवेचना के निर्देश।
विवेचना में देरी पर रुकेगा वेतन! नैनीताल पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में CCTNS रैंकिंग सुधारने पर जोर।
उत्कृष्ट सेवा के लिए 33 पुलिसकर्मी सम्मानित, एसएसपी ने थपथपाई पीठ; पारदर्शिता और जवाबदेही को बताया सर्वोपरि।
पुलिस लाइन नैनीताल के सभागार में आज एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों और मार्च माह के अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दुर्व्यवहार और नशे पर ‘जीरो टॉलरेंस’
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस कर्मियों के आचरण और व्यवहार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और स्थानीय जनता के साथ संवाद के दौरान पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण होना चाहिए। विशेष रूप से चेतावनी दी गई कि ड्यूटी के दौरान नशे का सेवन कर जनता से अभद्रता करने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सही ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों में प्रशासन पूरी मजबूती के साथ अपने कर्मियों के साथ खड़ा रहेगा।
विवेचना में देरी पर कड़ी नाराजगी
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, विशेषकर 7 वर्ष से कम सजा वाले मामलों (एक्साइज एक्ट, सड़क दुर्घटना, विद्युत अधिनियम) में अनावश्यक देरी पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी जांच अधिकारियों (IO) को निर्देशित किया कि:
CCTNS पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें।
निर्धारित समयसीमा के भीतर ही विवेचनाएं पूर्ण की जाएं।
समयसीमा का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही और वेतन रोकने जैसी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
33 जांबाज पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए एसएसपी नैनीताल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में व.उ.नि. रोहिताश सागर, उ.नि. मनोज नयाल, म.कानि. पूनम जोशी और कानि. परमजीत सिंह समेत कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
गोष्ठी में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल अंजना नेगी सहित सभी थानों के प्रभारी और फायर सर्विस, ट्रैफिक व पीएसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
