
नैनीताल में फूड फेस्टिवल का समापन, पर्यटकों ने चखे पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद
नैनीताल में उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय फूड फेस्टिवल का रविवार को सफल समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने फूड फेस्टिवल में प्रतिभाग करने वाले 16 होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
फूड फेस्टिवल में पर्यटकों ने उत्तराखंड के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया, जिनमें कुमाऊँ मंडल विकास निगम के “मास का चौसा”, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के “गहत के कबाब”, अनुपम रेस्टोरेंट के “गणों का सूप” सहित कई अन्य रेस्टोरेंट्स द्वारा तैयार किए गए शिकारी भात एवं अन्य पारंपरिक व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि इस दो दिवसीय फूड फेस्टिवल के माध्यम से पर्यटकों को उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों से परिचित कराने का प्रयास किया गया। नैनीताल एवं आसपास के होटल-रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा लगाए गए स्टालों में विभिन्न प्रकार के पारंपरिक, पहाड़ी एवं देशी व्यंजन परोसे गए, जिनका पर्यटकों ने भरपूर आनंद लिया।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का प्रचार-प्रसार होने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। नैनीताल आने वाले देश-विदेश के पर्यटक अब स्थानीय भोजन के स्वाद से भी रूबरू हो रहे हैं ¹।
