पांच साल की सेवा और विकास बेमिसाल, उत्तराखंड बन रहा है शिक्षा और नवाचार का हब: CM धामी

पांच साल की सेवा और विकास बेमिसाल, उत्तराखंड बन रहा है शिक्षा और नवाचार का हब: CM धामी

​भीमताल में मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी के नए एकेडमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का किया भव्य उद्घाटन ‘कौशल ज्योति योजना’ की शुरुआत

​भीमताल


उत्तराखंड सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के सफल 5 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों के लिए ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ का भी शुभारंभ किया, जिसके तहत युवाओं को निःशुल्क होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रदान किए जाएंगे।


​सड़कों-इमारतों से नहीं, युवाओं के सपनों से तय होता है राज्य का भविष्य: CM
​समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है।” उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध और कौशल विकास के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया है, उसने यह साबित कर दिया है कि संकल्प और दूरदृष्टि हो तो उत्तराखंड जैसा पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है।
​मुख्यमंत्री ने कहा कि नया एकेडमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के साथ-साथ उनके शोध और रचनात्मक सोच को नई उड़ान देगा।
​”आने वाले समय में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और बदलते वैश्विक परिदृष्य के साथ स्वयं को ढालने का साहस रखेगा। उत्तराखंड का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
​कुमाऊं मंडल को जल्द मिलेगी मेडिकल कॉलेज की सौगात
​मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि कुमाऊँ मंडल में ग्राफिक एरा द्वारा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएँ सुदृढ़ होंगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
​5 वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को मिली पारदर्शी सरकारी नौकरी
​युवाओं के हितों की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा किसी नकल माफिया की भेंट न चढ़े, इसके लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसी का परिणाम है कि पिछले 5 वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर मिले हैं। उन्होंने राज्य में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क तथा अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
​मेधावी छात्र सम्मानित, सरकार के 5 वर्ष पूरे होने पर कटा केक
​इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री धामी द्वारा संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा ‘ग्राफिक एरा कौशल छात्रवृत्ति योजना’ के लाभार्थियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। धामी सरकार के सफलतापूर्वक 5 वर्ष पूर्ण होने की खुशी में ग्राफिक एरा परिवार द्वारा मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एक विशेष केक भी काटा गया।
​समारोह में ये रहे उपस्थित
​कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी सी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *