नैनीताल। सांसद अजय भट्ट ने आज नैनीताल क्लब में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाने के लिए कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करें।
प्रमुख अपडेट्स:
रेलवे का कायाकल्प: हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, रामनगर और काशीपुर स्टेशनों को ₹55 करोड़ से हाईटेक बनाया जा रहा है। लालकुआं-सितारगंज रेल लाइन के लिए ₹1546 करोड़ की डीपीआर तैयार है।
सड़क और गुणवत्ता: पर्वतीय क्षेत्रों में खराब सड़कों की जाँच के निर्देश दिए गए हैं। PMGSY फेज-4 के तहत जनपद की 63 सड़कों पर कार्य गतिमान है।
जल जीवन मिशन: सांसद ने स्पष्ट किया कि बजट की समस्या दूर हो गई है। काम में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर नए ठेकेदारों को काम सौंपने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा और स्वास्थ्य: जर्जर स्कूलों के ध्वस्तीकरण और नए भवन निर्माण के निर्देश दिए। पशुओं के लिए 1962 फ्री सेवा का अधिक प्रचार करने को कहा।
पीएम आवास योजना: द्वितीय चरण के तहत लगभग 11 हजार नए आवासों की स्वीकृति के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है।
सांसद का कड़ा रुख: “गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारी सभी जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों की जानकारी दें और योजनाओं का लोकार्पण उन्हीं के माध्यम से कराएं।”
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, मेयर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
